नई दिल्ली। अमेरिका ईरान में चल रही तनावपूर्ण बातचीत के बीच ट्रंप ने अब ओमान को भी धमकी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ओमान को सीधी चेतावनी दी है कि होर्मुज स्ट्रेट खोलने के मामले में दखल देने की कोशिश न करे, वरना ‘उड़ा दिया जाएगा’।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वह होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण रखने वाले किसी समझौते को स्वीकार करेंगे तो उन्होंने चेतावनी दी कि इस पर किसी भी देश का कंट्रोल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोई भी देश कंट्रोल नहीं करेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है। हम इस पर नजर रखेंगे। लेकिन कोई भी देश इसे कंट्रोल नहीं करेगा। यह हमारी बातचीत का ही एक हिस्सा है। ओमान को भी बाकी सबकी तरह ही बर्ताव करना होगा, वरना हमें उन्हें उड़ाना पड़ेगा।”
ट्रंप का यह तीखा बयान उस कथित ईरान-US समझौते के मसौदे के सामने आने के बाद आया है, जिसमें इस अहम जलमार्ग का कंट्रोल ईरान और ओमान को सौंपने की बात कही गई थी, जिसे अमेरिका ने पूरी तरह ‘मनगढ़ंत’ बताकर खारिज कर दिया है।

