भोपाल (इजहार खान):राजधानी में निवेश के नाम पर आम जनता को चूना लगाने वाली एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने ‘वीएसीएल (VACL) जन सहयोग क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड’ के पदाधिकारियों के खिलाफ करोड़ों रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया है। संस्था ने अधिक ब्याज और कम समय में राशि दुगुनी-तिगुनी करने का झांसा देकर लगभग 3,000 निवेशकों से निवेश कराया था।
क्या है पूरा मामला?
भ्रष्टाचार निवारण युवा मंच के संयोजक अशोक कुमार टाटा की शिकायत पर EOW ने जांच की। जांच में सामने आया कि संस्था ने वर्ष 2013-14 से 11 नंबर बस स्टॉप, अरेरा कॉलोनी स्थित कार्यालय से अपना जाल बिछाया था। सोसायटी के अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष बी.एस. चौहान, अभिषेक शर्मा सहित संचालक मंडल के सदस्यों ने जनता को लुभावनी बचत योजनाओं का प्रलोभन दिया।
ठगी का तरीका: प्रलोभन,बहानेबाजी और लुभावनी योजनाएं:
संस्था ने डेली डिपॉजिट, एफडी, आरडी और मासिक आय योजनाओं के तहत निवेशकों को 12% या उससे अधिक ब्याज और 5.5 वर्ष में रकम दुगुनी-तिगुनी करने का वादा किया था।निवेशकों को ‘जन सहयोग कैश क्रेडिट सर्टिफिकेट’ जारी किए गए ताकि संस्था पर भरोसा बना रहे।
नौकरी का लालच:
कई लोगों को अधिक निवेश या एजेंट के रूप में काम करने पर कमीशन और नौकरी दिलाने का झांसा भी दिया गया।

