Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अमृत होरो पर झारखंड सरकार ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। उसे रांची-खूंटी सीमावर्ती इलाके के जमाकेल गांव से पकड़ा गया।
लगातार ठिकाना बदल रहा था अमृत होरो
एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो जमाकेल गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। सूचना के आधार पर क्यूआरटी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने उसे शादी समारोह में शामिल होने से पहले ही दबोच लिया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पीएलएफआई प्रमुख अमृत होरो लंबे समय से पुलिस के डर से रांची और खूंटी के सीमावर्ती इलाकों में लगातार ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रांची और खूंटी में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज
अमृत होरो के खिलाफ रांची और खूंटी जिलों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लेवी वसूली के लिए फायरिंग, आगजनी, धमकी और पुलिस के साथ मुठभेड़ जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उसे एक गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, रांची पुलिस के बाद खूंटी पुलिस भी उससे पूछताछ करेगी। अमृत होरो की गिरफ्तारी से पीएलएफआई संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है।

