श्रीगंगानगर: राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सबसे खूंखार चेहरे और विदेश में बैठकर सिंडिकेट चला रहे गैंगस्टर रोहित गोदारा को श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। जवाहर नगर थाना पुलिस ने रोहित गोदारा के बड़े भाई हनुमान स्वामी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी हनुमान स्वामी ही राजस्थान में गोदारा गैंग के लिए बैक-एंड पर काम करते हुए शूटरों को हथियार, कारतूस और पैसे की सप्लाई कर रहा था।

गुजरात से राजस्थान आते वक्त पाली में दबोचा

श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरीशंकर ने बताया कि 42 वर्षीय आरोपी हनुमान स्वामी, निवासी कपुरीसर (लूणकरणसर, बीकानेर) पिछले कुछ समय से फरार चल रहा था। शुक्रवार को पुलिस को खुफिया इनपुट मिला कि आरोपी गुजरात से होते हुए राजस्थान की सीमा में दाखिल हो रहा है। इसके बाद जवाहर नगर थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए जाल बिछाया और आरोपी को पाली जिले से दबोच लिया।

18 मार्च की गिरफ्तारी से खुला था राज

इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब बीती 18 मार्च को श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने एक बदमाश गुरजीत सिंह गिल को एक अत्याधुनिक पिस्टल और 4 अतिरिक्त मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले की कमान जब जवाहर नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह की टीम को सौंपी गई, तो पुलिस ने नेटवर्क को खंगालते हुए राहुल नागपाल और नवजोत सिंह को भी गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार बदमाशों ने कड़ाई से पूछताछ में उगला कि उन्हें यह हथियार और वारदात को अंजाम देने के लिए 1 लाख रुपये कैश किसी और ने नहीं, बल्कि विदेश में बैठे रोहित गोदारा के बड़े भाई हनुमान स्वामी ने उपलब्ध कराए थे।

रोहित गोदारा का राजस्थान कनेक्शन और भाई की भूमिका

मूल रूप से बीकानेर के लूणकरणसर का रहने वाला रोहित गोदारा इस समय राजस्थान में अपराध का दूसरा नाम बन चुका है। जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड से लेकर प्रदेश के बड़े कारोबारियों से करोड़ों की रंगदारी वसूलने के पीछे इसी का हाथ है। रोहित गोदारा का राजस्थान कनेक्शन बेहद मजबूत है क्योंकि वह विदेश में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए राजस्थान के स्थानीय युवाओं को बरगलाता है। एसपी हरिशंकर ने बताया कि हनुमान स्वामी की गिरफ्तारी इस गैंग की रीढ़ तोड़ने जैसी है। फिलहाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है, जिससे राजस्थान में रोहित गोदारा गैंग के स्लीपर सेल्स, हथियार सप्लाई रूट और आगामी दिनों में होने वाली कई बड़ी वारदातों के इनपुट सामने आने की उम्मीद है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
Exit mobile version