सोनीपत : आज के समय युवाओं की पहली पसंद फेसबुक और इंस्टग्राम बनता जा रहा है, लेकिन अगर यही आप की जिंदगी को मौत में बदल दे तो कैसा हो। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं, हकीकत है।
आपको बता दें कि बीती 10 मई को सोनीपत के गांव कमासपुर के पास आरोपी किराए की गाड़ी लेकर पहुंचा था और अपनी नाबालिग प्रेमिका को भी बिठाया था, लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों के बीच हुई तकरार के बाद अपनी प्रेमिका को दो गोलियां मारी गई थीं। गोली उसके गर्दन और पेट में लगी थी। वारदात के बाद आरोपी लड़की को मरा हुआ समझकर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और लड़की का इलाज भी जारी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी आशिक को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि आरोपी नवनीत की लड़की से करीब 1 साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई, जिसके बाद नवनीत ने वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी नवनीत पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। उसे सोनीपत के सेक्टर-7 के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में नवनीत ने फेसबुक पर हुई दोस्ती और तकरार की बात स्वीकार की है। बताया गया कि आरोपी हरियाणवी गाने बनाने का काम भी करता है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि मामले की आगे की जांच की जा सके।

