नागौर: देश की सबसे दुर्गम और हाड़ कंपा देने वाली सैन्य चौकी ‘सियाचिन ग्लेशियर’ पर तिरंगे की शान के लिए तैनात राजस्थान के एक और वीर सपूत ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। नागौर जिले के जायल क्षेत्र की दुगोली ग्राम पंचायत के रामपुरा गांव निवासी सैनिक कैलाश कुमार चोयल का मंगलवार को दिल्ली के आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

देश के सबसे कठिन युद्धक्षेत्र लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया था। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी इस जांबाज सैनिक को बचाया नहीं जा सका। कैलाश कुमार के निधन की खबर जैसे ही मारवाड़ की धरती पर पहुंची, पूरे नागौर जिले में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।

2018 में पहना था खाकी

शहीद कैलाश कुमार बचपन से ही देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत थे। साल 2018 में भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 8 ग्रेनेडियर बटालियन में शामिल होकर उन्होंने अपना और अपने परिवार का सेना में जाने का सपना पूरा किया था। अपनी बहादुरी और अनुशासन के लिए पहचाने जाने वाले कैलाश गांव के युवाओं के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा थे। उन्हें देखकर गांव के कई युवा देश सेवा का सपना संजोने लगे थे।

परिजनों के मुताबिक, साल 2017 में उनका विवाह सिलनवाद गांव की जेता देवी के साथ हुआ था। कुछ समय पहले ही उनके पिता जेठाराम का साया सिर से उठ गया था, जिसके बाद बड़े भाई रामेश्वर लाल के साथ मिलकर कैलाश ने पूरे परिवार को संभाला। अब कैलाश के अचानक चले जाने से माता इंद्रा देवी, पत्नी जेता देवी और बहन यशोदा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आज शाम पहुंचेगी पार्थिव देह, तिरंगा रैली से होगा स्वागत

जायल उपखंड अधिकारी रजत ने बताया कि वीर सैनिक कैलाश कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली/गुड़गांव से नागौर के जायल पहुंचेगा। यहांसे उनके पैतृक गांव रामपुरा तक एक विशाल और ऐतिहासिक ‘तिरंगा रैली’ निकाली जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी वीर शहीद को नमन करने पहुंचेंगे। गांव पहुंचने पर पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश की बर्फीली सरहदों पर अपनी अंतिम सांस तक फर्ज निभाने वाले इस नायक को नागौर की मिट्टी हमेशा याद रखेगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version