Lakhimpur Kheri News : लखीमपुर खीरी जिले के बल्लीपुर गांव के पास सुतिया नाले में मगरमच्छ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार को बल्लीपुर गांव के पास सुतिया नाले में मगरमच्छ के हमले में खुशी राम (46) बुरी तरह घायल हो गए। वह मझगईं पुलिस थाना क्षेत्र के सुरजी पुरवा गांव के रहने वाले थे।
खुशी राम किसी काम से सुतिया नाले पर गए थे, तभी अचानक पानी से एक मगरमच्छ निकला और उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण उन्हें बचाने दौड़े और भारी डंडे से मगरमच्छ को भगा दिया, लेकिन हमले में खुशी राम के हाथों, पीठ और पेट पर काटने के गहरे ज़ख्म हो गए थे। ग्रामीण गंभीर हालत में खुशी राम को पहले निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और बाद में जिला अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
दुधवा बफर ज़ोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने मौत की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने कहा कि यह इलाका राजस्व जमीन का हिस्सा है, न कि वन विभाग का। मझगईं फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अंकित कुमार ने बताया कि जिस सुतिया नाले में यह दुखद घटना हुई, वहां मगरमच्छों की मौजूदगी की जानकारी थी और ग्रामीणों को उस नाले में न जाने की सलाह दी गई थी।

