Mandi News : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया है। यहां पर एक मकान की दूसरी मंजिल पर शटरिंग लगाते समय पैर फिसलने से एक मजदूर अनियंत्रित होकर सीधे जमीन पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शटरिंग का काम करते समय फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार दोपहर करीब पौने चार बजे पेश आया। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान नरपत राम (निवासी जरल, सुंदरनगर) के रूप में हुई है। हादसे के समय निर्माण स्थल पर अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के साथी मजदूर खेम चंद (निवासी गांव रड़ू, सुंदरनगर) ने बताया कि वे दोनों नौलखा क्षेत्र में जितेंद्र वर्मा के मकान निर्माण कार्य के दौरान दूसरी मंजिल पर शटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से नरपत राम का पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे जमीन पर गिर गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल नरपत राम को उपचार के लिए गुटकर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामला दर्ज
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

