Uttarakhand Accident: उत्तराखंड में ज्योतिर्मठ के पास शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर पैनी गांव के पास एक टेम्पो ट्रैवलर पलट गई, जिससे 44 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई और 17 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
गाड़ी में ड्राइवर समेत 18 लोग सवार थे
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5 बजे ज्योतिर्मठ के पास हुआ, जब गाड़ी तीर्थयात्रियों को गाजियाबाद से बद्रीनाथ ले जा रही थी। ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया, जिससे गाड़ी सड़क पर पलट गई। गाड़ी में ड्राइवर समेत 18 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पलटी हुई गाड़ी के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
सेंटर के सुपरिटेंडेंट डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि सभी घायलों को ज्योतिर्मठ के पास स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया। ज्योतिर्मठ स्टेशन हाउस ऑफिसर डी एस रावत ने बताया कि यात्री गाजियाबाद, दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा और हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे। मृतक महिला की पहचान गाजियाबाद की रहने वाली अन्ना मक्कर के रूप में हुई है।

