यूपी के महोबा जिले के चरखारी कस्बे से मोहब्बत और दर्द की एक ऐसी ही हृदय विदारक दास्तान सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की रूह कांप गई. यहां एक पति अपनी पत्नी और 6 साल के मासूम बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका. अपनों को खोने के ठीक 11 दिन बाद, उसी कब्रिस्तान में अपनी बीवी और बच्चे की कब्र से लिपटकर इस शख्स ने भी तड़पते हुए दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक घटना ने पीछे छूटे तीन मासूम बच्चों को पूरी तरह अनाथ कर दिया है.

11 दिन पहले लू ने छीना था बेटा, सदमे में गई थी मां की जान

मूल रूप से मध्य प्रदेश के हरपालपुर के रहने वाले 40 वर्षीय सुब्हान अहमद महोबा के चरखारी कस्बे में अपनी ससुराल आए हुए थे. बीती 25 मई को हीट वेव (लू) काल बनकर आई और उनके 6 साल के सबसे छोटे बेटे हसनैन की जान ले ली. अपने कलेजे के टुकड़े की मौत की खबर सुनते ही मां रजिया खातून का दिल भी फट गया और उन्होंने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया.  महज 11 दिन पहले एक ही घर से एक साथ उठे दो जनाजों ने सुब्हान को भीतर से पूरी तरह खोखला कर दिया था. वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे से बेपनाह मोहब्बत करते थे.

सुबह 4 बजे पहुंचे कब्रिस्तान, सजदे की हालत में मिली लाश

गम का यह पहाड़ सुब्हान के लिए सहना नामुमकिन हो रहा था. शुक्रवार सुबह तड़के करीब 4 बजे, सुब्हान अपनी पत्नी और बच्चे की याद में तड़पते हुए कब्रिस्तान पहुंच गए. जब वह दो घंटे तक वापस घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए कब्रिस्तान पहुंचे. वहां का नजारा देखकर परिजनों की आंखें फटी रह गईं. सुब्हान सजदे की हालत में अचेत पड़े थे. उनका एक हाथ बेटे की कब्र पर था और दूसरा हाथ अपनी बीवी की कब्र पर था. कब्रों से लिपटे हुए अचेत सुब्हान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत की वजह संदिग्ध, 3 बच्चे हुए बेसहारा

परिजनों (मोहम्मद सलीम) के मुताबिक, सुब्हान के पैर पर एक निशान मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कब्र पर लेटे हुए उन्हें किसी जहरीले कीड़े या सांप ने काट लिया होगा, या फिर गहरे सदमे (Heart Attack) ने उनकी जान ले ली. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.

इस दर्दनाक घटना ने सुब्हान के पीछे छूटे 17 साल के सैफ, 14 साल की रोशनी और 11 साल की आलिया के सिर से मां-बाप का साया हमेशा के लिए छीन लिया है. 11 दिनों के भीतर एक ही घर में हुई तीन मौतों से पूरे इलाके में मातम और सदमे का माहौल है. स्थानीय लोग अब इन बेसहारा और अनाथ बच्चों के भरण-पोषण के लिए सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version