Delhi Rajokri Flyover Auto Accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। वसंत कुंज इलाके में स्थित रजोकरी फ्लाईओवर (Rajokri Flyover) पर रविवार तड़के एक तिपहिया वाहन (ऑटो/टेंपो) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) से मिली जानकारी के मुताबिक इस भीषण हादसे में एक 47 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन मासूम बच्चों समेत छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना सुबह 4:35 बजे महिपालपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद डीएफएस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, बचावकर्मियों के वहां पहुंचने से पहले ही पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के कर्मी घायलों को सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचा चुके थे।

