WI vs SL T20 series : श्रीलंका के खिलाफ 11 जून से शुरू होने वाली घरेलू टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का ऐलान हो चुका है. लेकिन सीरीज के आगाज से ठीक पहले मेजबान विंडीज टीम के लिए एक बुरी खबर आ रही है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ इस टी20 सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने टीम का ऐलान करते हुए इस बात पर पक्की मुहर लगा दी है.
आखिर क्यों बाहर हुए अल्जारी जोसेफ
अल्जारी जोसेफ के बाहर होने की वजह कोई चोट नहीं है, बल्कि उनका वर्कलोड मैनेजमेंट है. दरअसल, इस टी20 सीरीज के ठीक बाद वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. टेस्ट मैचों में जोसेफ पूरी ताकत के साथ फ्रेश होकर गेंदबाजी कर सकें, इसी को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टी20 सीरीज से आराम देने का फैसला किया है.
वर्ल्ड कप के बाद पहली सीरीज, विंडीज टीम में कई बड़े बदलाव
साल 2026 टी20 वर्ल्ड कप के बाद वेस्टइंडीज की इस फॉर्मेट में यह पहली इंटरनेशनल सीरीज है. वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली वेस्टइंडीज टीम ने इस सीरीज के लिए अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए हैं. युवाओं की टीम में एंट्री करते हुए अकीम ऑगस्टे, ज्वेल एंड्रयू और शमर स्प्रिंगर को टीम में वापस बुलाया गया है. ये तीनों खिलाड़ी पहले भी वेस्टइंडीज के लिए खेल चुके हैं. सिलेक्टर्स ने इस बार जॉनसन चार्ल्स, क्विंटिन सैम्पसन और जेडन सील्स को टीम में जगह नहीं दी है. कुछ पर्सनल कारणों से तीसरा वनडे मैच बीच में ही छोड़कर जाने वाले तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की टी20 सीरीज के लिए टीम में वापसी हो गई है.
फैंस को खुश करना हमारा मकसद- कोच डैरेन सैमी
टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस नई शुरुआत पर वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा, यह सीरीज हमारे लिए बहुत जरूरी है. वर्ल्ड कप के बाद यह हमारी पहली सीरीज है, जहां हमारी टीम ने जबरदस्त जोश और एकजुटता दिखाई थी. अब हमारा पूरा ध्यान उसी मजबूत नींव को और आगे बढ़ाने पर है. हम श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करके अपने फैंस का दिल जीतना चाहते हैं.
वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
इस सीरीज के सभी मुकाबले जमैका के सबीना पार्क मैदान पर खेले जाएंगे.
पहला टी20 मैच: 11 जून
दूसरा टी20 मैच: 13 जून
तीसरा टी20 मैच: 14 जून
टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की पूरी टीम
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, एकीम ऑगस्टे, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिम्रोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोटी, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर.

