नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां घुग्घुस के पास वर्धा नदी में नहाने गए 5 कॉलेज छात्र गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक छात्र का शव नदी से बाहर निकाल लिया है, जबकि बाकी 4 छात्रों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इस हादसे के बाद से लापता और मृतक छात्रों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।
देर रात नदी किनारे मिले कपड़े और मोबाइल
मिली जानकारी के मुताबिक, घुग्घुस शहर के इंदिरा नगर इलाके में रहने वाले 5 दोस्त रविवार दोपहर को अचानक घर से निकले थे। जब देर रात तक वे वापस नहीं लौटे, तो परेशान घरवालों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए परिजन जब माथारदेवी परिसर के पास वर्धा नदी के किनारे पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। नदी किनारे पांचों युवकों के कपड़े, चप्पलें और मोबाइल फोन रखे हुए थे। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने तुरंत घुग्घुस पुलिस को मामले की जानकारी दी।
तन्मय का शव मिला, 4 दोस्त अब भी लापता
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। रात में अंधेरा ज्यादा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। सोमवार सुबह होते ही नावों और विशेष खोजी दल की मदद से नदी में दोबारा बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ घंटों की तलाश के बाद टीम ने एक युवक का शव नदी से बरामद कर लिया, जिसकी पहचान तन्मय पथाडे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, डूबे हुए सभी छात्रों की उम्र 18 से 19 साल के बीच है और ये सभी कॉलेज के छात्र थे। नदी में डूबने वाले युवकों के नाम इस प्रकार हैं:
– तन्मय पथाडे (शव बरामद)
– सम्यक सोनटक्के
– नकुल केलजरकर
– सन्नी आसमपल्ली
– रोहित बोबले
इलाके में पसरा मातम, रेस्क्यू जारी
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि रविवार की छुट्टी होने के कारण पांचों दोस्त नदी में तैरने के लिए आए होंगे और पानी की गहराई का अंदाजा न होने की वजह से हादसे का शिकार हो गए। ये पांचों युवक एक ही कॉलोनी (इंदिरा नगर) के रहने वाले थे और आपस में बहुत गहरे दोस्त थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरी कॉलोनी में मातम छा गया है। घुग्घुस थाने के इंस्पेक्टर प्रकाश राऊत ने बताया कि नदी किनारे लड़कों का सामान मिलने के तुरंत बाद ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। एक छात्र का शव मिल चुका है और बाकी 4 युवकों को ढूंढने के लिए बचाव दल लगातार नदी में खाक छान रहा है। स्थानीय लोग भी भारी संख्या में नदी किनारे जुटे हुए हैं और सबकी आंखें नम हैं।

