पंजाब डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को 100 करोड़ रुपए के कथित GST धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के तहत पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड और उससे संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के ठिकानों की तलाशी ली गई।
मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार, जालंधर, लुधियाना, बरेली और नोएडा समेत कुल छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान आवासीय और व्यावसायिक परिसरों से दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, ED हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों की जांच कर रही है। एजेंसी द्वारा बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवल ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि ED पंजाब में व्यापारियों को निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में व्यापारियों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है और व्यापारी समुदाय को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है।

