कोलकाता : कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस के सांसदों पर बगावत के बाद बड़ी भविष्यवाणी की है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद बीजेपी और नरेंद्र मोदी के अधूरे सपने को पूरा करेंगे। बीजेपी अब अपने बचे हुए एजेंडे परिसीमन बिल और वन नेशन, वन इलेक्शन (ONOE) बिल को संसद में पारित करा लेगी। उन्होंने कहा कि 2011 में सत्ता में आने के बाद टीएमसी ने बंगाल के विकास का तर्क देते हुए पंचायत स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी छोड़ने के मजबूर किया था। अब बीजेपी बंगाल में जीत के बाद देश के विकास के नाम पर टीएमसी के टुकड़े-टुकड़े कर रही है।
अपने एजेंडे पर आगे बढ़ रही है बीजेपी
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि टीएमसी के बागी सांसद बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्हें कायदे से बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि टीएमसी के बागी बीजेपी के साथ डूबकर नहाना तो चाहते हैं, मगर अपने सिर के बाल भींगाना नहीं चाहते हैं। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि बीजेपी इन सुनहरे मौके का इस्तेमाल करना चाहती है। अब वह संसद में लटके हुए सारे बिल पास कराएगी। बीजेपी का एजेंडा काफी बड़ा है। परिसीमन, वन नेशन वन इलेक्शन जैसे बिल पारित करने के लिए जो चाहिए, उसी दिशा में बीजेपी आगे बढ़ रही है।
युसूफ पठान ने कुरान बांटकर हराया था
युसूफ पठान के रोल पर अधीर रंजन चौधरी ने बहरामपुर के 2024 के चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने उनके खिलाफ युसूफ पठान को उतारा था, क्योंकि उन्हें हराने के लिए मुसलमान कैंडिडेट चाहिए था। टीएमसी ने ‘बार-बार दादा को, इस बार भाईजान को’ का नारा दिया। युसूफ पठान ने मौलानाओं के साथ मस्जिद के दौरे किए और कुरान बांटे। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने 30 फीसदी हिंदू और 70 फीसदी मुसलमान का आंकड़ा दिया। इसके बाद दंगे कराए। वह चुनाव हार गए। युसूफ पठान टीएमसी की ओर से तैयार पुतले हैं और पुतलों के रीढ़ की हड्डी नहीं होती।

