Shreyanka Patil injury update: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच एक बड़ा झटका लगा है. लीड्स के हेडिंग्ले में नीदरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान टीम की प्रमुख ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल के दाहिने टखने में मोच आ गई. घटना नीदरलैंड की पारी के छठे ओवर की है, जब मिड-ऑन बाउंड्री की तरफ गेंद रोकते समय श्रेयंका का पैर मुड़ गया. दर्द इतना गंभीर था कि वे मैदान पर ही बैठ गईं और अंत में उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. श्रेयंका की यह चोट टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए भारतीय टीम की रणनीति को बिगाड़ सकती है.

श्रेयंका पाटिल गंभीर रूप से चोटिल

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान श्रेयंका पाटिल की चोट जितनी गंभीर दिख रही है, उसने भारतीय टीम मैनेजमेंट को गहरी चिंता में डाल दिया है. स्ट्रेचर पर ले जाने से पहले मैदान पर ही मेडिकल स्टाफ ने उनकी जांच की, जहां श्रेयंका असहनीय दर्द में नजर आईं और उन्होंने दर्द के मारे अपना चेहरा ढका हुआ था.

श्रेयंका पाटिल की चोट कितनी गंभीर

दरअसल, मैदान से उठने के प्रयास के दौरान श्रेयंका अपने चोटिल टखने पर ज़रा भी भार नहीं दे पा रही थीं. पैर पर वजन न रख पाना यह साफ इशारा करता है कि उनकी यह चोट कोई मामूली मोच नहीं, बल्कि एक गंभीर लिगामेंट इंजरी हो सकती है. श्रेयंका के लिए चोटों का यह सिलसिला नया नहीं है, इससे पहले जुलाई 2024 में विमेंस टी20 एशिया कप (श्रीलंका) के दौरान भी उनकी उंगली में फ्रैक्चर हुआ था, जिसने उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रखा था. पुरानी फिटनेस हिस्ट्री और मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट बेहद चिंतित है, क्योंकि वर्ल्ड कप के इस बेहद नाजुक मोड़ पर श्रेयंका जैसी मैच-विनर खिलाड़ी का बाहर होना टीम इंडिया के लिए एक बहुत बड़ा झटका साबित होगा.

जब मन में आया ‘खेल छोड़ने’ का ख्याल

यूएई में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के बाद श्रेयंका को दोनों पैरों की शिन (पिंडली की हड्डी) में गंभीर समस्या हो गई थी. इतना ही नहीं, फील्डिंग के दौरान उनके बाएं अंगूठे में भी फ्रैक्चर हो गया. इस लगातार मिलते दर्द से तंग आकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी पर श्रेयंका ने एक भावुक खुलासा किया था. उन्होंने माना था कि बार-बार की चोटों के मानसिक असर के कारण एक वक्त उनके मन में खेल को हमेशा के लिए संन्यास लेने का विचार तक आ गया था. लेकिन ऐसे मुश्किल दौर में उनके परिवार और सपोर्ट सिस्टम ने उन्हें बिखरने नहीं दिया और खुद को प्रेरित रखने में मदद की.

चैंपियन बनकर की थी वापसी

तमाम मुश्किलों को पार करते हुए उन्होंने वेस्टइंडीज में ‘विमेंस सीपीएल 2025’ के जरिए मैदान पर वापसी की. इसके बाद, इसी साल की शुरुआत में ‘विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026’ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से खेलते हुए न सिर्फ बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी टीम को चैंपियन भी बनाया. ऐसे में, वर्ल्ड कप के इस अहम मोड़ पर उनका फिर से चोटिल होना उनके और टीम इंडिया दोनों के लिए एक बड़ी परीक्षा है.

चोट पर सस्पेंस

हालांकि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अभी तक श्रेयंका पाटिल की चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट या मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है. लेकिन जिस तरह उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा, उसने भारतीय खेमे की चिंताएं बढ़ा दी हैं. टूर्नामेंट के बीच में श्रेयंका जैसी उपयोगी ऑलराउंडर का चोटिल होना टीम के संतुलन को बिगाड़ सकता है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version