शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में कथित टूट और ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चाओं के बीच पार्टी नेता आदित्य ठाकरे ने बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है। आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन सांसदों को निशाने पर लिया, जिनके एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में जाने की चर्चा है। शिवसेना (यूबीटी) विधायक ठाकरे ने कहा कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने यह साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी और प्रतिष्ठा बिकाऊ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष राजनीतिक फायदे के लिए सरकारी संसाधनों और जनता के पैसों का दुरुपयोग कर रहा है।

‘एमवीए और INDIA गठबंधन के नाम पर जीते थे चुनाव’

आदित्य ठाकरे ने अपने पोस्ट में कहा कि जो सांसद आज शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर जा रहे हैं, वे महाविकास आघाड़ी (एमवीए) और ‘इंडिया’ गठबंधन के समर्थन से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। उनके लिए शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के नेताओं ने प्रचार किया था। उन्होंने लिखा कि इन सांसदों ने चुनाव के दौरान सहयोगी दलों के नेताओं से रैलियां करवाईं और जनता से वोट मांगे। ऐसे में अब उनके पास पार्टी छोड़ने को लेकर कोई वैचारिक तर्क नहीं बचा है।

‘जनता ने NDA के खिलाफ वोट दिया था’

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं ने भाजपा नीत एनडीए उम्मीदवारों के खिलाफ और इंडिया ब्लॉक के पक्ष में मतदान किया था। जनता ने गठबंधन की विचारधारा और एजेंडे पर भरोसा जताया था। उन्होंने बागी सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि लालच के कारण उन्होंने रातोंरात अपने सिद्धांतों और मतदाताओं के विश्वास को बिना किसी शर्म के छोड़ दिया।

‘आपकी वफादारी बिकाऊ है’

अपने पोस्ट में आदित्य ठाकरे ने लिखा, “जो सांसद दूसरी तरफ चले गए हैं, उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी और प्रतिष्ठा बिकाऊ है। उन्हें बिना शर्म के स्वीकार करना चाहिए कि लालच के कारण उन्होंने अपने मतदाताओं और गठबंधन का साथ छोड़ दिया।”

‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की चर्चा है। इसे लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में ‘ऑपरेशन टाइगर’ की काफी चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ‘ऑपरेशन टाइगर’ के सफल होने का दावा किया है। पिछले हफ्ते बगावत का बिगुल फूंकने वाले उद्धव गुट के 6 सांसदों में संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व), ओमराजे निंबालकर (धाराशिव), संजय जाधव (परभणी), संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम), नागेश पाटिल आष्टीकर (हिंगोली) और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिर्डी) शामिल है। इन सांसदों के आज औपचारिक रूप से शिवसेना में शामिल होने की उम्मीद है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version