रायपुर, करियर मार्गदर्शन, प्लेसमेंट एवं पूर्व छात्र प्रकोष्ठ (सीजीपीएसी), इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर एवं यंग माइंड्स, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय, रायपुर में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. आरती गुहे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, रायपुर थीं। कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में महाविद्यालय के वर्ष 2016 बैच के पूर्व छात्र श्री हर्ष कुमार वर्मा, उप-पंजीयक, छत्तीसगढ़ शासन जिन्होंने सीजीपीएससी-2024 में 45वीं रैंक प्राप्त की थी उपस्थित रहे। उनके साथ श्री मुरली मनोहर देवांगन, टीम डायरेक्टर, थिंक आईएएस अकादमी, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षाओं के क्षेत्र में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त किया है तथा 150 से अधिक अभ्यर्थियों को सफल मार्गदर्शन प्रदान कर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में चयनित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

सत्र की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने केवल वक्ताओं के विचार ही नहीं सुने, बल्कि अत्यंत उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ उनसे संवाद भी किया। विद्यार्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी, महाविद्यालयीन अध्ययन के साथ समानांतर तैयारी, समय प्रबंधन, अध्ययन रणनीति तथा कैरियर निर्माण से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक समाधान प्रस्तुत किया।

अपने उद्बोधन में अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने कहा कि कृषि महाविद्यालय, रायपुर के विद्यार्थियों में अपार क्षमता है तथा वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने तथा अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए प्रेरित किया। श्री हर्ष कुमार वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम किसी भी सपने को साकार करने की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बीच संतुलन स्थापित करते हुए पूरे उत्साह एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया।


श्री मुरली मनोहर देवांगन ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की विभिन्न परीक्षाओं की संरचना, तैयारी की प्रारंभिक रणनीति, उपयोगी पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों पर होने वाली चर्चाओं, वाद-विवादों तथा गुणवत्तापूर्ण सोशल मीडिया सामग्री का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने की सलाह दी।


कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि यंग माइंड्स इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर जो विद्यार्थियों द्वारा संचालित एक सक्रिय मंच है, समय-समय पर ऐसे प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता संवर्धन एवं कैरियर निर्माण हेतु इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version