रायपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी अधिकारी संघ (महासंघ) द्वारा रायपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र का संयुक्त क्षेत्रीय सम्मेलन रविवार, 28 जून 2026 को केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गुड़ियारी कोटा रोड, क्षेत्रीय भंडार के समीप रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं, पेंशन संबंधी मुद्दों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी महासंघ के संस्थापक श्री जौहरी लाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत विद्युत कर्मचारी अधिकारी संघ (महासंघ) के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी तिवारी करेंगे। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ सेवानिवृत विद्युत कर्मचारी अधिकारी संघ (महासंघ) के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण देवांगन, प्रदेश महामंत्री श्री पी आर साहू, राष्ट्रीय मंत्री श्री सी एस दुबे, विशिष्ट अतिथि होंगे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा। इसके पश्चात सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, पेंशन एवं कल्याणकारी विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में संगठन विस्तार, क्षेत्रीय इकाइयों के गठन तथा सदस्यता अभियान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने हैं। क्षेत्रीय सम्मेलन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा के साथ ही क्षेत्रीय इकाई का गठन भी किया जाएगा । महामंत्री पी.आर. साहू एवं कार्यक्रम संयोजक शंकर नायडू ने रायपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है और यह सम्मेलन भविष्य की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


