Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लापता 25 वर्षीय युवती का शव सोमवार को चमेरा-तीन डैम में मिला। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
किसी निजी काम से घर से निकली थीं बबीता
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान भरमौर क्षेत्र के ग्राम पंचायत तागी के जडोथा गांव की निवासी बबीता देवी (25 वर्षीय) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बबीता बीते 22 जून की सुबह किसी निजी काम से घर से निकली थीं। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी गैहरा में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, सोमवार को पुलिस को चमेरा-तीन डैम में एक युवती का शव तैरते हुए दिखने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने की है।

