चेन्नई : तमिलनाडु पुलिस ने पूर्व डीएमके मंत्री और कोयंबटूर दक्षिण के विधायक वी. सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने सत्ताधारी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) के एक विधायक को 35 करोड़ रुपए का लालच देकर पार्टी बदलने के लिए मनाने की कोशिश की थी। टीवीके विधायक एन. इलैयाराजा ने अशोक कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी छोड़ने के लिए उन्हें बार-बार ऑफर दिए गए और धमकियां दी गईं। इस शिकायत के बाद तमिलनाडु पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
ग्रेटर चेन्नई के पुलिस कमिश्नर के पास दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, एलैयाराजा ने बताया कि थिरुनावुक्कारासु नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने दावा किया कि वह ‘इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रैटेजीज’ (IPDS) नाम की एक ओपिनियन पोलिंग संस्था चलाता है और एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्यों के कहने पर उनसे संपर्क कर रहा है।
प्रस्ताव ठुकराने पर विधायक को धमकी का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में थिरुनावुक्कारासु ने उनसे तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर के खिलाफ प्रस्तावित प्रस्ताव के दौरान एक खास तरीके से वोट करने को कहा और इसके बदले 35 करोड़ रुपये तक की पेशकश की। एलैयाराजा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद उन्हें धमकी दी गई और बातचीत का खुलासा न करने की चेतावनी दी गई। शिकायत के बाद, D1 ट्रिपलिकेन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने चेन्नई के अरुंबक्कम निवासी थिरुनावुक्कारासु के साथ-साथ तिरुचिरापल्ली के नरेश और चेन्नई के मेदावक्कम के त्यागराजन को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर इस साजिश में शामिल थे।

