लुधियाना, : महानगर के सबसे पॉश और वी.आई.पी. इलाके मॉडल टाउन में शुक्रवार की सुबह रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जिंदगी भर का जख्म दे दिया। यहाँ सुबह-सुबह सैर पर निकली एक नामी प्रॉपर्टी कारोबारी की पत्नी को एक तेज रफ्तार और बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना रूह कँपा देने वाला था कि कार महिला को करीब 5 से 10 मीटर तक सड़क पर घसीटती हुई ले गई। सिर और छाती पर आई गंभीर चोटों के कारण महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल है। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में लाइव रिकॉर्ड हो गई है।
दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरीं
मिली जानकारी के अनुसार, मॉडल टाउन के मशहूर चार खंभा चौक इलाके की रहने वाली हरप्रीत कौर (पति प्रॉपर्टी कारोबारी) शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपनी एक सहेली के साथ रोजमर्रा की तरह वॉक करने निकली थीं। दोनों महिलाएं सड़क के किनारे सुरक्षित चलते हुए आपस में बातचीत कर रही थीं। वे अपनी धुन में आगे बढ़ ही रही थीं कि अचानक पीछे से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए दोनों महिलाओं को पीछे से जोरदार (टक्कर) मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरीं। वारदात के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज को देखकर किसी की भी रूह कांप जाए।
सहेली की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी
कार चालक ने महिलाओं को टक्कर मारने के बाद इंसानियत को शर्मसार करते हुए ब्रेक नहीं लगाई, बल्कि गाड़ी की स्पीड और बढ़ा दी। इसके चलते गंभीर रूप से घायल हरप्रीत कौर कार के नीचे फंस गई और आरोपी उसे करीब 5 से 10 मीटर तक सड़क पर बेरहमी से घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। घसीटे जाने के कारण हरप्रीत के सिर, छाती और पूरे शरीर पर जानलेवा चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत दोनों लहूलुहान महिलाओं को नजदीकी दीप अस्पताल पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद हरप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी सहेली की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, मृतका की एक इकलौती बेटी है, जिसकी कुछ समय पहले ही बड़े चाव से शादी की गई थी। अभी घर में खुशियों का माहौल पूरी तरह थमा भी नहीं था कि इस दर्दनाक कत्लेआम जैसे हादसे ने पूरे परिवार में मातम का सन्नाटा पसर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल और रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। कार के मॉडल और नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार हत्यारे कार चालक को बहुत जल्द गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली जाएगी।
Related Posts
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.

