जम्मू: जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए बुधवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय जत्था रवाना हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 9,837 श्रद्धालुओं का सातवां जत्था 361 वाहनों के काफिले में कश्मीर के पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना किया गया।

पारंपरिक पहलगाम मार्ग के लिए 188 वाहनों में 5,337 श्रद्धालु रवाना हुए, जबकि छोटे बालटाल मार्ग के लिए 173 वाहनों में 4,500 श्रद्धालुओं को भेजा गया। रवाना हुए श्रद्धालुओं में 6,684 पुरुष, 2,730 महिलाएं, 21 बच्चे, 320 साधु, 80 साध्वियां तथा दो ट्रांसजेंडर श्रद्धालु शामिल हैं।

बुधवार तड़के से ही भगवती नगर यात्री निवास में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। प्रशासन ने यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने में जुटी हुई हैं।

गौरतलब है कि 57 दिनों तक चलने वाली श्री अमरनाथ जी यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन पवित्र गुफा में छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ संपन्न होगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version