फरीदाबाद. क्या आपने कभी अपने दोनों हाथों को जोड़कर हथेलियों की रेखाओं को ध्यान से देखा है? कई लोगों की हथेलियां मिलाने पर हृदय रेखा आधे चांद जैसी आकृति बनाती है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर अक्सर कहा जाता है कि ऐसे लोगों को सुंदर जीवनसाथी मिलता है लेकिन क्या सच में इसका मतलब सिर्फ इतना ही है? हस्तरेखा शास्त्र में इस निशान को लेकर कई तरह की मान्यताएं बताई गई हैं, जिनका संबंध वैवाहिक जीवन, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य और भाग्य से जोड़ा जाता है. बल्लभगढ़ के उदासीन साधु आश्रम के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि दोनों हाथों की हृदय रेखा जब मिलकर साफ और सुंदर आधे चांद का आकार बनाती है तो इसे शुभ माना जाता है. यह निशान इस बात का संकेत माना जाता है कि व्यक्ति का वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा और पति-पत्नी के बीच समझदारी और संतुलन बना रहेगा. ऐसे लोग परिवार को साथ लेकर चलने वाले होते हैं और रिश्तों को निभाने की अच्छी क्षमता रखते हैं.
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि यदि हृदय रेखा साफ, गहरी और बिना टूटे दिखाई दे तो इसका असर और भी अच्छा माना जाता है. मान्यता है कि ऐसे लोगों के जीवन में विवाह के बाद भाग्य का साथ मिलता है. घर में सुख-शांति बनी रहती है और धन-धान्य की कमी नहीं होती. आर्थिक स्थिति मजबूत रहने की संभावना भी बताई जाती है. इसके अलावा विदेश जाने के योग भी इस रेखा से जोड़े जाते हैं. हस्तरेखा शास्त्र में यह भी कहा गया है कि हृदय रेखा किस स्थान पर जाकर खत्म होती है, उसके आधार पर भी अलग-अलग संकेत मिलते हैं. अगर यह रेखा आगे बढ़कर बृहस्पति पर्वत की ओर जाती है तो ऐसे व्यक्ति को समझदार और सूझबूझ से फैसले लेने वाला माना जाता है. अगर रेखा शनि पर्वत के पास खत्म होती है तो ऐसे व्यक्ति में स्वार्थ की भावना अधिक हो सकती है और कई बार गुस्सा भी जल्दी आ सकता है.
सूर्य पर्वत के नीचे
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि अगर यही रेखा सूर्य पर्वत के नीचे जाकर खत्म हो तो इसे स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जाता है. ऐसी स्थिति में व्यक्ति को समय-समय पर पेट की दिक्कत, पीठ दर्द या सिर दर्द जैसी परेशानियां होने की बात कही जाती है. हालांकि यह हस्तरेखा शास्त्र की मान्यता है और इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. मान्यता यह भी है कि जिन लोगों के हाथों में साफ आधा चांद बनता है, उनका दांपत्य जीवन सुखद रहता है. चाहे लड़का हो या लड़की, दोनों के लिए इसका मतलब एक जैसा बताया जाता है. लड़कियों के लिए समझदार और अच्छा जीवनसाथी मिलने की बात कही जाती है, जबकि लड़कों के लिए ऐसी पत्नी मिलने की मान्यता है जो परिवार को संभालने वाली और सहयोग करने वाली हो. हस्तरेखा शास्त्र में हथेली की हर रेखा का अपना अलग महत्व बताया गया है.
(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। यहां दी गई ज्योतिष, वास्तु या धार्मिक जानकारी मान्यताओं और विभिन्न स्रोतों पर आधारित है। किसी भी उपाय, सलाह या विधि को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के प्रमाणित विशेषज्ञ या विद्वान से परामर्श अवश्य लें।

