अहमदाबाद : अगले साल अगस्त में देश की पहली बुलेट ट्रेन गुजरात में फर्राटा भरेगी। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का काम गुजरात के हिस्से में तेजी से पूरा हो रहा है। पिछले हफ्ते केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद निरीक्षण किया था। नेशलन हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) ने अपने ताजा अपडेट में बताया है कि बुलेट ट्रेन के अहमदाबाद में पड़े वाले 18 किलोमीटर के हिस्से पर सभी भारी-भरकम 13 पोर्टल बीम को सफलतापूर्वक इंस्टाल कर लिया गया है। इन पोर्टल बीम को रेलवे की मौजूद लाइन के ऊपर से रखा गया है। इन्हीं पर ऊपर से बुलेट ट्रेन गुजरेगी।

तीन घंटे में रखा 1,640 मीट्रिक टन पोर्टल बीम
पीएम नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड कॉरिडोर में बुलेट ट्रेन साबरमती मल्टी मॉडल हब से शुरू होगी मुंबई के बीकेसी तक जाएगी। अहमदाबाद में 13वें और सबसे भारी 1,640 मीट्रिक टन वजन वाले पोर्टल बीम को साबरमती में रखा गया है। अहमदाबाद में 18 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन वायाडक्ट है। यह मौजूदा व्यस्त रेलवे लाइनों को एलिवेटेड लेवल से पार करता है। इन रेलवे क्रॉसिंग्स के लिए विशेष रूप से 13 भारी पोर्टल बीमों को डिजाइन और स्थापित किया गया।

अहमदाबाद में कहां कितने पोर्टल बीम रखे

  • मणिनगर में मुंबई–अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर 5 पोर्टल बीम
  • वाटवा में मुंबई–अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर 7 पोर्टल बीम
  • साबरमती में अहमदाबाद–दिल्ली मुख्य रेलवे लाइन पर 1 पोर्टल बीम

नहीं बंद करना पड़ा ट्रेनों का संचालन

अंतिम प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड पोर्टल बीम का वजन लगभग 1,640 मीट्रिक टन है, जो अहमदाबाद में लॉन्च किए गए सभी 13 पोर्टल बीमों में सबसे भारी प्रीकास्ट कंक्रीट पोर्टल बीम है। इसकी लंबाई 34.5 मीटर तथा क्रॉस-सेक्शन 5.5 मीटर × 4.5 मीटर है, जो इसे इस परियोजना में उपयोग किए गए सबसे बड़े प्रीकास्ट पोर्टल बीमों में से एक है। इस विशाल बीम की लॉन्चिंग का पूरा कार्य लगभग तीन घंटे में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस पोर्टल बीम की लॉन्चिंग 2,200 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन की सहायता से की गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेलवे परिचालन बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से जारी रहा।

ट्रायल के बाद दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

NHSRCL के अनुसार अहमदाबाद में सभी 13 भारी पोर्टल बीम की सफल लॉन्चिंग भारत की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना के निर्माण में अपनाई जा रही अत्याधुनिक इंजीनियरिंग क्षमता, सटीक योजना और उच्च स्तर के निष्पादन का उत्कृष्ट उदाहरण है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन के चलने की तारीख 15 अगस्त, 2027 तय की है। गुजरात में 2026 के अंत तक मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के ट्रायल की प्रक्रिया भी आगे बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version