Haldwani News: उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक तेज रफ्तार ‘स्कॉर्पियो’ कार की टक्कर से स्कूटी सवार चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर लालकुआं की ओर से आ रही एक बेकाबू ‘स्कॉर्पियो’ कार ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार चारों युवक छिटककर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में राहुल राजपूत (17), शिवम (25) और अंशु आर्य (20) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा (18) ने सुशीला तिवारी अस्पताल में देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चारों युवक स्थानीय थे और घटना के समय घर लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल ने बताया कि ‘स्कॉर्पियो’ कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ।

