नई दिल्ली: दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया. वह 78 साल की थीं. उनके निधन की खबर से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के लोग और करीबी उन्हें प्यार से ‘अम्मा’ कहकर बुलाते थे. सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के जरिए दी. उन्होंने लिखा, “भारी मन से हम अपनी प्यारी अम्मा सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की जानकारी दे रहे हैं. 12 जुलाई को उन्होंने अपने परिवार के बीच इस दुनिया को अलविदा कहा. अम्मा ने पूरी जिंदगी सादगी, प्रेम और सेवा के साथ बिताई. वह हर उस व्यक्ति के लिए प्यार और अपनापन थीं, जो उन्हें जानता था.”

परिवार के अनुसार, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा. सुनीला शर्मा भले ही फिल्मी दुनिया का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा का हर कदम पर साथ दिया. वह उनके लिए केवल जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि एक मजबूत सहारा भी थीं. पिछले कई सालों से जब भी प्यारेलाल शर्मा किसी कार्यक्रम, संगीत समारोह या टीवी शो में जाते थे, सुनीला शर्मा उनके साथ नजर आती थीं.

सुनीला शर्मा कई लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शोज में भी प्यारेलाल शर्मा के साथ दिखाई दी थीं. वह ‘इंडियन आइडल 13’, ‘सा रे गा मा पा’ और ‘सुपरस्टार सिंगर’ जैसे कार्यक्रमों में नजर आई थीं. ‘इंडियन आइडल 13’ के लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड में एक कंटेस्टेंट और उनकी मां ने उन्हें अपने हाथों से बनाई गई एक खूबसूरत साड़ी भेंट की थी. उस समय सुनीला शर्मा काफी भावुक हो गई थीं. प्यारेलाल शर्मा भारतीय फिल्म संगीत के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं. लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को सैकड़ों सुपरहिट गाने दिए हैं. इस लंबे सफर में सुनीला शर्मा हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version