Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पर शादी के नाम पर एक परिवार के साथ कथित तौर पर बड़ी ठगी की गई। वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के पुलिस चौकी अवाहदेवी के अंतर्गत आते संगरोह गांव का है। संगरोह गांव की निवासी शिकायतकर्ता कुसुम लता ने बताया कि आरोपी युवती के भाई ने अपना स्थायी पता कांगड़ा बस स्टैंड के समीप बताया था। दोनों पक्षों की बातचीत और सहमति के बाद बीते 20 जून को चंडीगढ़ में भव्य रिंग सेरेमनी (सगाई) का आयोजन किया गया था। इस दौरान वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और कई कीमती उपहार भेंट किए थे। सगाई संपन्न होने के बाद दोनों परिवारों ने मिलकर 12 जुलाई को विवाह की तिथि निश्चित की थी।
शिकायतकर्ता ने लगाया ये आरोप
आरोप है कि सगाई के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने अपने व्यापार में निवेश और कुछ अनिवार्यताओं का हवाला देकर वर पक्ष से करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीते 7 जुलाई को युवती के भाई ने दूल्हे के परिवार को फोन कर सूचना दी कि कनाडा में उनके सगे मामा का अचानक निधन हो गया है, जिसके कारण पूरे परिवार को तुरंत विदेश जाना पड़ रहा है। इस बातचीत के बाद से ही आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर स्थाई रूप से स्विच ऑफ आने लगे।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मोबाइल बंद होने से चिंतित वर पक्ष ने जब 11 जुलाई को उस मैरिज पैलेस में संपर्क किया, जहां 12 जुलाई को शादी का समारोह होना तय बताया गया था, तो वहां तैनात प्रबंधन ने बताया कि इस नाम से वहां कोई बुकिंग ही नहीं करवाई गई है। पैलेस की बुकिंग फर्जी निकलते ही पीड़ित परिवार के होश उड़ गए और उन्हें समझ आ गया कि वे एक बड़े ठग गिरोह का शिकार हो चुके हैं। वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

