उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक युवक पर हुए हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने 28 वर्षीय युवक को घेरकर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें उसके दोनों हाथ कलाई से लगभग अलग हो गए। हमले में युवक के पैरों और सिर पर भी गहरे घाव आए हैं। पीड़ित परिवार ने इस हमले का आरोप स्थानीय नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके साथियों पर लगाया है। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पैर भी बुरी तरह जख्मी हो गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेट्रोल पंप के सामने किया गया हमला
घटना महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र की है। मंगलवार रात समदनगर मोहल्ले का रहने वाला विक्की चंदेल कानपुर-सागर हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने गया था। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान हमलावरों ने उसे घेर लिया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में विक्की के दोनों हाथ कलाई से लगभग अलग हो गए और सिर-पैर पर भी गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा युवक
युवक सड़क पर खून से लथपथ तड़पता रहा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर विक्की की मां दौड़कर आईं और अपने बेटे के कटे हाथों को कपड़े से बांधने की कोशिश करने लगीं। पुलिस की डायल 112 टीम ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
विक्की के परिवार ने इस हमले का आरोप स्थानीय नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके साथियों पर लगाया है। परिवार का कहना है कि विक्की पेट्रोल पंप गया था, तभी यह हमला हुआ। परिवार ने कहा कि आरोपी से पहले कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन सत्ता के नशे में उसने यह जघन्य वारदात की।
संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि समदनगर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट एक व्यक्ति के साथ मारपीट की सूचना पीआरवी के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार घायल की पहचान विक्की ठाकुर पुत्र राजाबाबू सिंह निवासी सुभाष नगर, कोतवाली नगर क्षेत्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना में उसके एक पूर्व परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एएसपी ने बताया कि परिजनों से संपर्क कर तहरीर ली जा रही है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के कारणों और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

