Asim Munir PoK Deadly Plan: पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर अब उसके अत्याचारों के खिलाफ खड़ा हो गया है और ये बात आसिम मुनीर को पच नहीं रही है. 5 जून से चल रहे आंदोलन का मेगा शो 18 जुलाई से लंबे मार्च के तौर पर होने वाला है, जिसे लेकर कत्ल-ए-आम की तैयारी पाकिस्तानी फौज की ओर से कर ली गई है. खुफिया रिपोर्ट्स कह रही हैं निशाने पर JAAC की टॉप लीडरशिप होगी.

PoK Protest News: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में पिछले कई हफ्तों से चल रहे जन आंदोलन अब बेकाबू होते नजर आ रहे हैं. इसे लेकर पाकिस्तानी हुकूमत बेचैन है, खासतौर से फील्ड मार्शल बने बैठे आसिम मुनीर की नींदें उड़ी हुई हैं. 5 जून से अब तक इन प्रदर्शनों को कुचलने के लिए पाकिस्तानी फौज किसी भी हद तक जाने को तैयार दिख रही है. अब तक 24 लोगों की मौत पुलिस और सेना की बर्बरता के चलते हो चुकी है और अब फौज का जो प्लान है, वो बेहद खतरनाक है. मुनीर की एक्शन ब्रिगेड चेनाब-झेलम का पानी खून से लाल कर देने की योजना बना चुकी है.

समाचार एजेंसी आईएएनएस को मिली खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आसिम मुनीर की आंखों में ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी यानि JAAC के नेता किरकिरी बने हुए हैं. ऐसे में वो इसी टॉप लीडरशिप को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं ताकि आंदोलन को जड़ से समाप्त किया जा सके. JAAC, PoK के लोगों की ओर से पाकिस्तानी व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरा हुआ है. महंगाई, राजनीतिक भेदभाव, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और प्रशासनिक उपेक्षा जैसे मुद्दों को लेकर यह आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है और अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरने लगा है. बस यही बात आसिम मुनीर को दर्द दे रही है.

प्रदर्शन को देख बौखला गए हैं मुनीर

JAAC के नेता बार-बार चेतावनियों और धमकियों के बावजूद पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर का धैर्य अब जवाब दे चुका है. वे पाकिस्तान की सरकार पर भी दबाव बना रहे हैं कि JAAC की किसी भी मांग को माना न जाए. मुनीर खुद इस मुद्दे से बेहद परेशान हैं क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है. कहां वे दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि PoK में सब कुछ नॉर्मल है और कहां पीओके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चस्पा हो चुकी हैं.

पहले की मीटिंग्स में मुनीर ने सुरक्षा बलों को सख्त निर्देश दिए थे कि आंदोलन को कुचलने के लिए बर्बर ताकत का इस्तेमाल किया जाए. अब खुफिया जानकारी यह भी बता रही है कि टॉप JAAC नेताओं को निशाना बनाकर मारने की तैयारी चल रही है, ताकि पूरा मामला ही खत्म हो जाए. पाकिस्तानी फौज पहले भी यही करती आई है और इस बार भी अपने हाथ वो कश्मीरियों के खून से रंगने की फिराक में है. JAAC के नेता इस खतरे से अच्छी तरह वाकिफ हैं. ऐसे में उन्होंने लोगों से भावुक अपील की है कि अगर सभी नेता भी मार दिए गए तो भी आंदोलन नहीं रुकना चाहिए.

JAAC नेता सरदार अमान कश्मीरी ने हाल ही में एक सभा में कहा कि हम अपना देश चाहते हैं. हर किसी को अपना घर, अपनी सरकार और अपनी आजादी का हक है. हमें हमारे अधिकार दो. उन्होंने यह भी कहा कि उन पर जान की धमकी दी जा रही है और इनाम रखा गया है, लेकिन वे मौत से नहीं डरते. आपको बता दें कि इस रैलियों में बच्चों और महिलाओं सहित पूरा परिवार शामिल हो रहा है. वहीं पाकिस्तानी फौज किसी को बख्श नहीं रही, फिर भी लोग डटे हुए हैं. JAAC ने मुजफ्फराबाद की ओर लंबा मार्च शुरू कर दिया है. पाकिस्तानी बलों ने ब्लॉकेड लगा रखे हैं और चेतावनी दी है कि कोई भी इसे तोड़ने की कोशिश करेगा तो सख्त कार्रवाई होगी.

आतंकवादियों का भी इस्तेमाल कर रहा पाकिस्तान

खबरें ये भी आ रही हैं कि इन रैलियों में हिंसा फैलाने के लिए पाकिस्तान की सेना उन पाले गए आतंकियों का इस्तेमाल कर रही है, जिन्हें भारत में भेजती रही है. लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और दूसरे संगठनों के आतंकियों को रैलियों में प्लांट किया जा रहा है ताकि वे मकसद से भटक जाएं और उनके कत्ल-ए-आम का मौका पाकिस्तानी रेंजर्स को मिल जाए. शुरू में यह महंगाई और सुविधाओं की मांग वाला प्रदर्शन था, लेकिन अब यह पाकिस्तानी दमन के खिलाफ प्रतिरोध का आंदोलन बन गया है. कश्मीरी नारे लगा रहे हैं – वतन या कफन.

क्या कह रहा है भारत?

भारत की ओर से भी ताजा हालात पर प्रतिक्रिया दी गई है और कहा गया है कि नागरिकों पर बल प्रयोग करना कहीं से भी जायज नहीं है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत की चिंता जताते हुए कहा- ‘पाकिस्तानी राज्य स्थानीय लोगों की वैध मांगों का समाधान करने के बजाय अत्यधिक पुलिस बर्बरता का सहारा ले रहा है. महिलाओं और बच्चों पर हमले, खाने-दवाइयों की सप्लाई रोकना, इंटरनेट बंद करना और निहत्थे नागरिकों पर घातक बल का इस्तेमाल, ये सब अमानवीय है.’ आपको बता दें कि पीओके के नेता हमेशा से भारत से मदद की अपील करते रहे हैं ताकि वे पाकिस्तान से कटकर अलग देश बना सकें.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version