रायबरेली : उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के बछरांवा क्षेत्र में बुधवार सुबह लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार के पुलिया की रेलिंग से टकराने से उसमें सवार एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे लखनऊ से रायबरेली की ओर आ रही कार खेहरनी चौराहे के पास अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बनी पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी पांच लोग वाहन के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया जहां डाक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मृतकों की पहचान रायबरेली दीवानी न्यायालय की न्यायिक सुरक्षा में तैनात जालौन निवासी सिपाही महाराज सिंह (50), लालगंज क्षेत्र के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) तथा अमेठी निवासी रोहित लोधी के रूप में हुई है। घायलों में बछरावां के कुंडौली निवासी मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) शामिल हैं।


