मध्य प्रदेश – टीकमगढ़ जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. जिस दादी की गोद में एक नवजात बच्ची को सबसे ज्यादा सुरक्षित होना चाहिए था, उसी दादी पर अपनी 21 दिन की पोती की हत्या कर दी. आरोप है कि पोते की चाह में दादी ने आधी रात को मां के पास सो रही मासूम बच्ची को उठाया और उसका गला घोंट दिया. घटना ने न सिर्फ पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है, बल्कि बेटा-बेटी के भेदभाव को लेकर समाज के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं.  

यह मामला टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के बन्ने बुजुर्ग गांव का है. बताया जा रहा है कि 21 दिन की मासूम मनीषा अपनी मां के साथ सो रही थी. इसी दौरान उसकी दादी रेखा आदिवासी उसे उठाकर ले गई और कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया. इसके बाद वह बच्ची को वापस उसकी मां के पास लिटाकर चली गई. सुबह जब बच्ची के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, तो परिजनों को आशंका हुई. मां ने बच्ची को उठाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.  

पहले मौत छिपाने की कोशिश

घटना के बाद परिवार के कुछ लोगों ने बच्ची की मौत को सामान्य बताने की कोशिश की. शुरुआती दौर में यह भी कहा गया कि किसी तरह की झाड़-फूंक या अन्य कारणों से बच्ची की मौत हुई है. हालांकि पुलिस को मामले पर संदेह हुआ और जांच शुरू की गई. बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. रिपोर्ट में सामने आया कि मासूम की मौत गला घोंटने की वजह से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.

पूछताछ में दादी ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस का शक बच्ची की दादी रेखा आदिवासी पर गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दादी ने बताया कि उसे पोता चाहिए था और पोती होने से वह खुश नहीं थी. इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया. दादी के इस खुलासे ने पूरे गांव और जिले को हैरान कर दिया.

पुलिस ने किया गिरफ्तार

टीकमगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह ने बताया कि पुलिस को करीब 20 दिन की एक बच्ची की मौत की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया. जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची की दादी ने ही उसका गला घोंटकर हत्या की थी. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version