सुंदरनगर: सुंदरनगर की डैहर उप तहसील के तहत भंतरेहड़ क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में लापता युवती की मां ने बताया है कि उसकी बेटी 21 जुलाई को घर से दवा लेने के लिए डैहर गई थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी।
जिसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत में आशंका जताई गई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

