रायपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पाल, रामकृष्ण देवांगन व प्रणव मांडरिक ने दुर्ग व कवर्धा जिला शिक्षा अधिकारी को 8 सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन पत्र सौंपा। महाफेडरेशन के पदाधिकारियों ने आज कवर्धा जिले का दौरा किया एवम महाफेडरेशन के स्थानीय पदाधिकारीगणों से शिक्षक संवर्ग के हितों पर चर्चा किया। इस कड़ी में कवर्धा के डीईओ के.एल. महिलांगे से भी मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा। तदुपरांत दुर्ग पहुंच कर डीईओ प्रवास बघेल को भी महाफेडरेशन ने ज्ञापन दिया। शिक्षक महाफेडरेशन ने सौपे गए ज्ञापन में मांग की है कि सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर समान अनुपात में वेतन दिया जाए। नई भर्ती के पहले प्रमोशन दिया जाए। प्रथम नियुक्ति तिथि से वेटेज के साथ क्रमोन्नति वेतन दिया जाए। महाफेडरेशन के राज्य प्रमुख राजेश पाल व अन्य पदाधिकारियों ने आगे मांग रखी है कि महंगाई भत्ता, अनुकम्पा नौकरी, स्थानांतरण जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द बहाल किया जाए। वरिष्ठता सूची जारी करते समय विज्ञान सहायकों के नाम सहायक शिक्षकों के साथ ही जारी किए जाए, क्योकि हाई स्कूलों में विज्ञान सहायक के पद पर पदस्थ अधिकांश शिक्षक वर्ग तीन से ही ही है। वरिष्ठता सूची अलग से न देकर एक साथ ही दिया जाए।
