भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में अपने तूफानी प्रदर्शन से पहले स्विट्जरलैंड स्थित ट्रेनिंग सेंटर में जमकर पसीना बहा रहे हैं.  ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए वहीं से सीधे स्कॉटलैंड रवाना होंगे. चोपड़ा ने 2018 के गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीता था, लेकिन चोट के कारण 2022 के बर्मिंघम संस्करण में हिस्सा नहीं ले सके थे. इस साल उनका यह दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा. इससे पहले जून में दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 85.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथा स्थान हासिल किया था. ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की भाला फेंक इवेंट का क्वालीफिकेशन 30 जुलाई को होगा, जबकि फाइनल अगले दिन आयोजित किया जाएगा.

हालांकि स्पष्ट नहीं है कि चोपड़ा पूरी तरह फिट हो चुके हैं या नहीं. दोहा डायमंड लीग में उतरने के समय वह सितंबर 2025 में तोक्यो विश्व चैंपियनशिप से पहले लगी पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए थे. दोहा प्रतियोगिता के बाद चोपड़ा ने कहा था, ‘पहले की तुलना में अब स्थिति बेहतर है, लेकिन मैं यह नहीं कह सकता कि मेरा शरीर पूरी तरह पहले जैसा हो गया है. मैं धीरे-धीरे अपनी लय हासिल कर रहा हूं.’

ग्लासगो में नीरज को नदीम से मिलेगी चुनौती

ग्लासगो में चोपड़ा को पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा राष्ट्रमंडल चैंपियन अरशद नदीम से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है. पाकिस्तान मीडिया के अनुसार, नदीम को ग्लासगो खेलों के लिए पाकिस्तान की टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 90.18 मीटर के शानदार थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था.

नीरज को अलावा और भी दिग्गज होंगे मैदान में

भारत की ओर से चोपड़ा के अलावा रोहित यादव और यशवीर सिंह भी पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे. वहीं, भारतीय दल के अन्य 32 खिलाड़ी फिलहाल पोलैंड के स्पाला में प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रहे हैं.

नीरज चोपड़ा का कॉमनवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड

नीरज चोपड़ा ने 2018 के गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में 86.47 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता और ऐसा करने वाले पहले भारतीय जैवलिन थ्रोअर बने. चोट के कारण वे 2022 के बर्मिंघम गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे, लेकिन अब वे ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में खिताब के प्रबल दावेदार के तौर पर वापसी कर रहे हैं.

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा का शेड्यूल

एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स इवेंट्स 27 जुलाई को शुरू होंगे और 2 अगस्त को खत्म होंगे. इन इवेंट्स में भारत के 32 एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें 11 पैरा-एथलीट शामिल हैं.

  • पहला दिन (27 जुलाई): दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 2:30 बजे तक
  • दूसरा दिन (28 जुलाई): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 2:30 बजे तक
  • तीसरा दिन (29 जुलाई): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 2:30 बजे तक
  • चौथा दिन (30 जुलाई): दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 2:30 बजे तक
  • पांचवां दिन (31 जुलाई): दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 2:45 बजे तक
  • छठा दिन (1 अगस्त): दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक, रात 11:00 बजे से सुबह 3:00 बजे तक

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कहां देखें नीरज चोपड़ा के मैच?

भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव ब्रॉडकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और दूरदर्शन (डीडी नेशनल) पर उपलब्ध होगा. इसके अलावा भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version