हजारीबाग: पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में कोयला परिवहन कार्य एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया है. शनिवार देर रात करीब 11 बजे तेरह माइल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने दो हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की.
“प्रिंस खान K.S.S.” लिखा पर्चा छोड़ फरार हुए अपराधी
वाहन चालकों के अनुसार, तीन अपराधियों ने 7 राउंड गोलियां चलाई और इसके बाद लोहे की रॉड से वाहनों के शीशे भी भी तोड़ दिए. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मौके पर “प्रिंस खान K.S.S.” लिखा पर्चा छोड़ा और वहां से वे फरार हो गए. गोलीबारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से एक ऑडियो भी खूब तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें घटना की जिम्मेदारी लेने सहित कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल ऑडियो के सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
डीसी-एसपी के दौरे के बाद भी अपराधियों ने दी चुनौती
गौरतलब है कि शनिवार को ही उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बड़कागांव और केरेडारी प्रखंड का दौरा किया था. इसके बावजूद देर रात अपराधियों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी. इससे पहले 24 जुलाई की रात केरेडारी पुलिस ने प्रिंस गिरोह के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अपराधी के पैर में गोली मारी थी, जबकि दूसरे को पिस्टल और बाइक के साथ गिरफ्तार किया था. इसके बावजूद गिरोह की गतिविधियां थमती नजर नहीं आ रही है.
लगातार घटनाओं से कोयला परिवहन कर्मियों में भय
बता दें, 22 अप्रैल 2026 को भी तेरह माइल के पास अपराधियों ने दिनदहाड़े कोयला ढुलाई में लगे एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी. लगातार हो रही घटनाओं से परिवहन कार्य में लगे चालकों और कर्मियों में भय का माहौल है. परियोजना प्रबंधन ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

