विरुधुनगर: तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवकाशी के पास रविवार सुबह एक पटाखा बनाने वाली अवैध फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अवैध तरीके से चल रही थी फैक्ट्री
जानकारी के अनुसार, शिवकाशी के निकट एक टिन शेड में कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। रविवार सुबह अचानक फैक्टरी में जोरदार विस्फोट हो गया। उस समय कई मजदूर फैक्टरी के अंदर काम कर रहे थे। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध रूप से पटाखा निर्माण किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
अन्नामलाई ने थलपति विजय से की मांग
इस दर्दनाक हादसे पर तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि शिवकाशी के पास पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अन्नामलाई ने तमिलनाडु के सीएम थलपति विजय से अनुरोध करते हुए कहा कि इस घटना की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से मृतकों के परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

