पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के भारी विरोध के बाद शनिवार को जैसे ही धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया, वैसे ही इस बड़े इस्तीफे का असर अब राज्यों की राजनीति पर भी दिखने लगा है। अब इसी तर्ज पर पंजाब, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्रियों से भी इस्तीफा मांगा जा रहा है। विपक्षी पार्टियों और छात्र संगठनों का कहना है कि जब देश के शिक्षा मंत्री जिम्मेदारी ले सकते हैं, तो राज्यों के मंत्री चुप क्यों हैं।

ओडिशा- 55 किताबों में 2000 से ज्यादा गलतियां, घिरे मंत्री नित्यानंद गोंड

धर्मेंद्र प्रधान के गृह राज्य ओडिशा में इस समय स्कूली शिक्षा को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। यहां नई शिक्षा नीति के तहत जारी की गई 55 स्कूली किताबों में 2,000 से अधिक गलतियां मिली हैं। इस लापरवाही को लेकर बीजू जनता दल (BJD) और कांग्रेस ने मोहन माझी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बीजेडी की छात्र इकाई ‘बीजू छात्र जनता दल’ ने ‘सेव एजुकेशन’ अभियान के तहत चेतावनी दी है कि स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड अधिकारियों पर दोष ड़ालने के बजाय खुद नैतिक जिम्मेदारी लें। अगर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया, तो पूरे राज्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार समय तय करे कि बच्चों को बिना गलती वाली किताबें कब तक मिलेंगी। हालांकि, बीजेपी ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया है और किताबों को सुधारने का काम शुरू कर दिया है।

छत्तीसगढ़- रायपुर में छात्रों का हल्ला बोल, मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ नारेबाजी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ छात्रों और विपक्षी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब केंद्र में इतनी बड़ी जवाबदेही तय हो सकती है, तो राज्य के मंत्री खामियों पर चुप क्यों हैं?
इस प्रदर्शन में शामिल रिसर्च स्कॉलर सोनम बंसोड़ ने कहा कि प्रधान के इस्तीफे के बाद अब उनकी लड़ाई जगदलपुर की NEET एस्पिरेंट हारिका राव नायडू के परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने की है, जिसने परीक्षा दोबारा होने के बाद तनाव में आकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा, साल की शुरुआत में हुए 12वीं के हिंदी पेपर लीक का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। कांग्रेस की युवा इकाई गजेंद्र यादव के उस बयान का विरोध कर रही है जिसमें उन्होंने प्रधान को इस्तीफा वापस लेने की सलाह दी थी।

पंजाब- पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में गड़बड़ी पर घिरे मंत्री हरजोत बैंस

आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार वाले पंजाब में भी शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को हटाने की मांग तेज हो गई है। विपक्ष का आरोप है कि पंजाब में लगातार परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और नौकरियों की भर्तियों में धांधली हो रही है।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दिल्ली में नैतिकता की बातें करने वाली आम आदमी पार्टी के राज में बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं, तो शिक्षा मंत्री अपने पद पर क्यों बने हुए हैं? वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरते हुए पंजाब के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने और शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफा लेने की मांग की है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version