किसी भी आंदोलन की ताकत केवल उसकी भीड़ या उसके नारों में नहीं होती, बल्कि उसके अनुशासन, उद्देश्य और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव में होती है। काकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन अब एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस आंदोलन ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय बहस बना दिया और अपनी मांग पूरी करवा कर यह साबित किया कि जब युवा किसी मुद्दे पर एकजुट हो जाए तो उसे अनसुना नहीं किया जा सकता है, लेकिन आंदोलन की उपलब्धियों के साथ-साथ उससे मिली सीख पर भी हमें ध्यान देना चाहिए।

मेरा व्यक्तिगत अनुभव भी इस आंदोलन से कई सकारात्मक सीख लेकर आया कि इस प्रदर्शन का सबसे प्रेरणादायक पक्ष युवाओं का अनुशासन, सहयोग और संवेदनशीलता रहा। आंदोलन स्थल पर मैंने देखा कि युवा केवल अपनी मांगों को लेकर ही मुखर नहीं थे, बल्कि व्यवस्था बनाए रखने में भी पूरी जिम्मेदारी निभा रहे थे। स्वयंसेवकों ने लोगों को कतारों में व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया। पत्रकारों को पहचान-पत्र (प्रेस आईडी) की जांच के बाद ही प्रवेश दिया और किसी भी तरह की अफरा-तफरी से बचने का प्रयास किया।

सबसे प्रेरणादायक दृश्य यह था कि जो युवा शायद अपने घरों में रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी करने से परहेज करते होंगे, आंदोलन स्थल पर वे ही कूड़ा उठाते, झाड़ू लगाते और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखते दिखाई दिए। यह केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सामूहिक सहयोग का भी एक सुंदर उदाहरण था।

आम दिनों में जिस दिल्ली में कई महिलाएं देर रात अकेले निकलने से पहले कई बार सोचती हैं, उसी दिल्ली में आंदोलन स्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जा रहा था। बड़ी संख्या में छात्राएं रात भर निडर और बेखौफ होकर प्रदर्शन का हिस्सा बनी रहीं। स्वयंसेवकों की सक्रियता, आपसी सहयोग और सुरक्षा के प्रति सजगता ने ऐसा माहौल बनाया, जहां आंदोलन केवल अपनी मांगों के लिए ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए भी याद किया जाएगा।

आंदोलन स्थल पर राहत और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी बेहद सराहनीय थी। चिकित्सा सहायता के लिए डॉक्टरों की टीम और मेडिकल किट हर समय उपलब्ध थी। जरूरतमंदों को दवाइयां दी जा रही थीं। महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड तक की व्यवस्था थी और लोगों में मास्क भी वितरित किए जा रहे थे। पूरे आंदोलन की व्यवस्थाएं सुनियोजित और व्यवस्थित ढंग से संचालित होती दिखाई दीं।

सबसे अधिक प्रभावित करने वाली बात वहां मौजूद लोगों की संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार था। जो भी व्यक्ति थका हुआ या पसीने से परेशान दिखाई देता, लोग तुरंत उसके पास पहुंचकर हाथ पंखे से हवा करने लगते। कोई गुलाब का फूल देकर मुस्कुरा देता, कोई हाथ में केला, भोजन का पैकेट या पानी की बोतल थमा देता। रास्ता बताने से लेकर छोटी-छोटी जरूरतों में मदद करने तक, हर कोई अपनी ओर से सहयोग करने की कोशिश कर रहा था। ऐसे छोटे-छोटे मानवीय व्यवहार किसी भी आंदोलन को केवल विरोध का मंच नहीं रहने देते, बल्कि उसे अपनापन, सहयोग और सामाजिक एकजुटता का सुंदर उदाहरण बना देते हैं।

आंदोलन स्थल पर यह अंतर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता था कि जो लोग वास्तव में शांतिपूर्ण और उद्देश्यपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते थे, वे पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। वहीं कुछ ऐसे लोग भी मौजूद थे जिनका उद्देश्य मुद्दे से अधिक हो-हल्ला, अव्यवस्था फैलाना या अनावश्यक विवाद पैदा करना प्रतीत होता था। किसी भी बड़े जनआंदोलन में ऐसे अराजकता फैलाने वाले तत्वों की मौजूदगी उसकी मूल भावना को कमजोर कर सकती है, इसलिए आंदोलन की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी स्वयं भी ऐसे व्यवहार से दूरी बनाए रखें और आंदोलन को उसके मूल उद्देश्य तक ही सीमित रखें।

इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत Genz की रचनात्मकता और डिजिटल भागीदारी रही। इस पीढ़ी ने केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी आंदोलन को नई ऊर्जा दी। इंस्टाग्राम पर वीडियो/रील, एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लगातार पोस्ट और हैशटैग अभियानों के जरिये उन्होंने आंदोलन की आवाज देशभर तक पहुंचाई।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि युवाओं ने अपनी बात रखने के लिए बेहद रचनात्मक, दिलचस्प, व्यंग्यपूर्ण और प्रभावशाली पोस्टर तैयार किये। इन पोस्टरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आंदोलन के संदेश को सरल, प्रभावी और व्यापक बनाया। यह दिखाता है कि आज की पीढ़ी डिजिटल माध्यमों का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक और लोकतांत्रिक भागीदारी के एक सशक्त साधन के रूप में भी कर सकती है।

इस पूरे आंदोलन के दौरान अनेक पत्रकारों और स्वतंत्र यूट्यूब रिपोर्टरों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। उन्होंने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर जमीनी रिपोर्टिंग की और लोगों तक घटनाओं की वास्तविक तस्वीर पहुंचाने का प्रयास किया। तथ्यपरक और संतुलित रिपोर्टिंग किसी भी लोकतंत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि इससे अफवाहों के बजाय सत्य सामने आता है और जनता सही जानकारी के आधार पर अपनी राय बना पाती है।

हर आंदोलन अपनी सफलता के साथ कुछ सीख भी छोड़ जाता है। लोकतंत्र में विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन विरोध की भी अपनी मर्यादा होती है। किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए अभद्र भाषा, व्यक्तिगत गालियां या अपमानजनक टिप्पणियां आंदोलन की गरिमा को कम करती हैं। इसी प्रकार अनावश्यक डीजे, तेज संगीत, नृत्य, भड़काऊ नारेबाजी या ऐसे कार्यक्रम जो मूल मुद्दे से ध्यान भटकाएं, उनसे भी बचना चाहिए।

किसी भी जनआंदोलन की असली ताकत उसका अनुशासन, अहिंसा और उद्देश्य के लिए प्रतिबद्धता होती है। सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, अफवाहें फैलाना, नियमों की अनदेखी करना या व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए आंदोलन का उपयोग करना उसके उद्देश्य को कमजोर करता है। यदि आंदोलन व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और मुद्दा-केंद्रित रहेगा, तभी उसकी विश्वसनीयता और नैतिक शक्ति लंबे समय तक बनी रहेगी।

वहीं जिम्मेदारी केवल आंदोलनकारियों की ही नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की भी होती है। लोकतंत्र में असहमति का उत्तर संवाद से दिया जाना चाहिए, टकराव से नहीं। प्रशासन को शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की बात धैर्यपूर्वक सुननी चाहिए और बल प्रयोग को हमेशा अंतिम विकल्प के रूप में ही अपनाना चाहिए। यदि कहीं आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग या लाठीचार्ज हुआ हो तो उसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर ऐसे कदम भी सोच-समझकर उठाए जाने चाहिए, जिनका असर आम नागरिकों पर पड़ता है। उदाहरण के लिए, यदि मेट्रो सेवाएं लंबे समय तक बंद कर दी जाती हैं तो इसका प्रभाव केवल आंदोलनकारियों पर नहीं, बल्कि लाखों दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और मरीजों पर भी पड़ता है, इसलिए प्रशासन का प्रयास ऐसा होना चाहिए कि सुरक्षा और जनसुविधा दोनों के बीच संतुलन बना रहे। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत संवाद, संवेदनशीलता और संतुलित निर्णयों में ही निहित है।

किसी भी आंदोलन की वास्तविक सफलता केवल उसकी मांगों के स्वीकार होने में नहीं, बल्कि उससे समाज और लोकतंत्र को मिली सीख में होती है। यदि आंदोलनकारी अपने अनुशासन और संवेदनशीलता को बनाए रखें तथा सरकार संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़े तो हर आंदोलन केवल विरोध का माध्यम नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत कदम बन सकता है। आखिरकार, लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत टकराव नहीं, बल्कि संवाद, संयम और आपसी विश्वास है।-कल्याणी चौधरी

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version