कोलकाता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को दुर्गा पूजा से पहले 20 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) और अक्टूबर महीने का वेतन जारी किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि वह केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों के बीच महंगाई भत्ते (DA) के अंतर को कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले गठित सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाएगा।
महंगाई भत्ता पर क्या बोले बंगाल सीएम?
पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय ‘भवानी भवन’ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने वित्त सचिव और वित्त मंत्री से अक्टूबर का वेतन दुर्गा पूजा से पहले जारी करने को कहा है। साथ ही, मैंने उन्हें पूजा वाले महीने में अतिरिक्त 20 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार के कर्मचारियों को आमतौर पर हर महीने के अंतिम कार्य दिवस पर वेतन मिलता है। यदि यह निर्णय लागू होता है, तो कर्मचारियों को इस वर्ष अक्टूबर के मध्य में होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव से काफी पहले वेतन मिल जाएगा।
महंगाई भत्ता कब से होगा प्रभावी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के बजट में की गई घोषणा के अनुसार, अतिरिक्त 20 प्रतिशत महंगाई भत्ता अक्टूबर से प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच डीए में 42 प्रतिशत का अंतर है। हम इस अंतर को रातोंरात खत्म नहीं कर सकते, इसमें समय लगेगा।

