बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी बेटी को शादी और पैसों को लेकर हुए झगड़े के बाद उसके कॉलेज के अंदर चाकू मार दिया। पुलिस ने बताया कि बेटी असिस्टेंट प्रोफेसर है। बेंगलुरु के एक प्राइवेट कॉलेज में हुई घटना के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर लक्ष्मी दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका अभी इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे हुई। जब नागेंद्र कॉलेज पहुंचे और स्टाफ से कहा कि वह अपनी बेटी से मिलना चाहते हैं। उन्हें डिपार्टमेंट हेड के कमरे में जाने दिया गया। जहां लक्ष्मी दुर्गा मौजूद थीं। पुलिस का आरोप है कि अंदर जाने के बाद नागेंद्र ने अपनी बेटी पर चाकू से हमला किया और पेट, छाती और गर्दन पर कई बार चाकू मारने के बाद मौके से भाग गए।
हमले की वजह क्या?
जांचकर्ताओं ने कहा कि यह हमला लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद का नतीजा था। पुलिस के अनुसार, कैब ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले नागेंद्र अपनी बेटी के लिए दूल्हा ढूंढ रहे थे। एक जगह उन्होंने बेटी का रिश्ता तय किया। इसके बाद दूल्हे के परिवार से उन्होंने कथित तौर पर 40 लाख रुपये की मांग की। इस बात का पता चलने पर लड़की ने विरोध किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस पर पिता ने दावा किया कि बेटी की पढ़ाई और करियर पर उन्होंने बहुत पैसा खर्च किया था। उन्होंने यह भी जिद की कि लक्ष्मी दुर्गा की मासिक सैलरी उन्हें सौंप दी जाए। उनकी पत्नी और बेटी ने कथित तौर पर इन मांगों का विरोध किया। इससे परिवार में अक्सर बहस होती थी और रिश्ते खराब हो गए थे। घटना के बाद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।

