प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गलत टिप्पणी करने वाली वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली नाबालिग लड़की की मां ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के माफ करने के फैसले ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है. समाचार एजेंसी PTI से बातचीत करते हुए लड़की की मां ने कहा कि वह हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करती हैं, क्योंकि उन्होंने बदला लेने के बजाय माफी का रास्ता चुना.
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक ऐसे बच्चे को माफ करके अपनी महानता दिखाई है, जिसने उनके खिलाफ बेहद गलत और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था. उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री का जन्मदिन है और उन्होंने उनकी बेटी को सबसे बड़ा उपहार दिया है, जो जीवनदान के समान है. मां ने कहा कि उनकी बेटी के लिए यह एक तरह से नया जन्म है.
लड़की की मां ने मीडिया को क्या बताया
PM नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए भावुक अपील की. उन्होंने कहा कि मोदी जी ने उनकी बेटी को माफ करके बहुत बड़ा काम किया है और अब उनकी एक ही विनती है कि वह उनकी बच्ची को गोद ले लें. उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी को नया जीवन मिला है. मां का कहना था कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह का फैसला लिया, उससे उनकी बेटी का भविष्य बच गया. उन्होंने कहा कि वह इस उपकार को कभी नहीं भूल सकतीं और इसके लिए हमेशा प्रधानमंत्री की आभारी रहेंगी. बातचीत के दौरान लड़की की मां ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म बंद कर दिए जाने चाहिए क्योंकि कम उम्र के बच्चे आसानी से गलत संगत और गलत विचारों के प्रभाव में आ जाते हैं. उन्होंने मांग की कि बच्चों के लिए इंस्टाग्राम बैन कर दिया जाए ताकि वे इस तरह की घटनाओं से दूर रह सकें.
CJP के प्रदर्शन का मामला
यह मामला उस समय सामने आया था जब जंतर-मंतर पर नीट-यूजी पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्र प्रदर्शन किया गया था. इसी प्रदर्शन के दौरान कुछ आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाना बनाया गया था. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया और लोगों से संयम बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं, वे गुमराह हैं और ऐसे मामलों का जवाब क्रोध या प्रतिशोध से नहीं दिया जाना चाहिए.
लड़की का एक माफीनामा वीडियो
प्रधानमंत्री के इस मैसेज के बाद उस लड़की का एक माफीनामा वीडियो भी सामने आया. वीडियो में लड़की ने खुद को 15 साल की बताया और स्वीकार किया कि उससे बड़ी गलती हुई है. उसने कहा कि जो कुछ उसने कहा, वह माफी के योग्य नहीं है और उसे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है. लड़की ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी और वहीं से प्रदर्शन में शामिल हो गई. उसने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उसके आसपास मौजूद लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे और वह भी उसी माहौल में बह गई. उसने कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती है और वह पूरे देश से माफी मांगती है.
अपने किए पर बेहद शर्मिंदा है- लड़की
लड़की ने कहा कि वह अपने किए पर बेहद शर्मिंदा है और लोगों से उसे माफ करने की अपील करती है. उसने यह भी कहा कि अब उसे अपनी गलती का पूरी तरह एहसास हो चुका है. हालांकि माफी मांगने के बावजूद मामला कानूनी रूप से आगे बढ़ चुका है. 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान लगाए गए कथित आपत्तिजनक नारों को लेकर नोएडा पुलिस स्टेशन में लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी. नोएडा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज करने के बाद मामला नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन को भेज दिया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि लड़की की टिप्पणियों से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है.

