Viral Video: समुद्री जीवों को बचाने और उन पर रिसर्च करने वाली एक संस्था ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से एक भावुक कर देने वाला वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में ‘फ्रैगल’ नाम की एक मां डॉल्फिन अपने दो हफ्ते के मरे हुए बच्चे के शव को अपनी पीठ पर रखकर पानी में लगातार तैरती नजर आ रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वो एक पल के लिए भी अपने बच्चे को खुद से अलग नहीं होने दे रही है. वो गहरे दुख में होने के बावजूद ऐसे ही उसे अपने साथ लेकर घूम रही है.
पहले तीन और बच्चों ही हो चुकी है मौत
जियोग्राफ मरीन रिसर्च नाम की संस्था ने वीडियो शेयर करते हुए बताया, ‘ये नाम उसे रिसर्चर्स ने दिया है. यह उसका पहला बच्चा नहीं था. वह इससे पहले भी अपने 3 बच्चों को खो चुकी है. यह लगातार उसका चौथा बच्चा है, जिसकी मौत हुई है. इस घटना से मां डॉल्फिन इतनी दुखी और थकी हुई है कि उसने कई दिनों से कुछ खाया भी नहीं है, क्योंकि उसका पूरा ध्यान बच्चे के शव को संभालने में है.’
सर्दियों में हुआ था जन्म, कैसे हुई मौत?
रिसर्चर्स ने आगे बताया कि इस बच्चे का जन्म सर्दियों के मौसम में हुआ था. उन्हें पहले से डर था कि कड़ाके की ठंड में इस नवजात बच्चे का बचना बहुत मुश्किल होगा. मरने से कुछ दिन पहले रिसर्चर्स ने देखा था कि बच्चे की सांसें बहुत तेज चल रही थीं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि बच्चे की मौत निमोनिया या फेफड़ों में किसी गंभीर इन्फेक्शन की वजह से हो गई.

