नई दिल्ली: तमिलनाडु में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर डीएमके नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से देशभर में सियासी चिंगारी भड़क गई है। इसे एक महिला का अपमान बताते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी खुद को इस विवाद में कूदने से रोक नहीं पाई हैं। उन्होंने इसके बहाने कांग्रेस और डीएमके से लेकर बीजेपी नेताओं तक को भी लपेटने की कोशिश की है।
‘भारतीय राजनीति 101 में स्वागत’
राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद से प्रियंका चतुर्वेदी के लिए सोशल मीडिया अपनी बात रखने का सबसे बेहतर जरिया बना हुआ है। उन्होंने एक्स पर लिखा है, ‘भारतीय राजनीति 101 में स्वागत है।’
‘महिला प्रदर्शनकारियों को गटर जेनरेशन कहा’
उद्धव ठाकरे की पार्टी नेता बीजेपी सांसद कंगना रनौत का नाम लिए बिना लिखती हैं, ‘लिंग-आधारित सबसे भद्दी गालियों के लिए महिला प्रदर्शनकारियों को टारगेट किया गया। इस तरह से निशाना बनाने में एक महिला सांसद के द्वारा गटर जेनरेशन कहना भी शामिल है।’
कर्नाटक में महिला मंत्री नहीं बनाने की शिकायत
- इसके बाद वह शिवसेना (यूबीटी) की सहयोगी कांग्रेस पर कर्नाटक में किसी महिला को कैबिनेट विस्तार में जगह नहीं दिए जाने पर भी अपना भड़ास निकालती हैं।
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की सरकार से उन्हें शिकायत है, ‘बिना किसी महिला मंत्री के कर्नाटक कैबिनेट का विस्तार हो गया, लेकिन हम महिला नेतृत्व की बात करते हैं।’
तृषा कृष्णन पर कथित अश्लील टिप्पणी पर भड़कीं
- इसके बाद वह फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए तमिलनाडु के सीएम थलपति जोसेफ विजय के प्रति सहानुभूति जताते हुए तृषा कृष्णन को लेकर की गई कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर कहती हैं-
तमिलनाडु में विपक्ष के नेता ने एक महिला को टारगेट किया है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, सिर्फ मुख्यमंत्री के साथ जुड़ाव होने की वजह से उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
प्रियंका चतुर्वेदी, पूर्व सांसद, शिवसेना (यूबीटी)
कावेरी विवाद पर दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी का आरोप
- इस विवाद मेंतमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को पुलिस ने चेन्नई में उनके आवास से हिरासत में ले लिया।
- डीएमके नेता उदयनिधि पर आरोप है कि सोमवार को तंजावुर में एक रैली के दौरान वे कर्नाटक के साथ कावेरी विवाद पर बोलते हुए अभिनेत्री तृषा के लिए अश्लील टिप्पणी की। डीएमके भी उद्धव ठाकरे की पार्टी की सहयोगी है।
- अपने भाषण में उन्होंने यह कहा, ‘चाहे पानी कहीं पहुंचे या न पहुंचे, इसे वहां पहुंचना चाहिए।’ वह इतना बोलकर रुके और भीड़ ने आवाज लगानी शुरू कर दी, ‘तृषा, तृषा।’
- इसके बाद थलपति विजय की सत्ताधारी पार्टी टीवीके की महिला विंग ने तंजावुर थाने में उनके खिलाफ अभिनेत्री तृषा कृष्णन के खिलाफ दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्जा करा दी।

