झांसी। कुख्यात माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक और बड़ा घटनाक्रम गुरुवार को झांसी में सामने आया। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने आ रहे अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
यह दुखद घटना झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना इलाके में हुई। सभी पांचों लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे। वे झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करने वाले थे। जानकारी के अनुसार, उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी-कानपुर हाईवे पर प्रयागराज से झांसी की ओर आ रही थी। पूछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद एवं सोनू खान के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार अहजम निवासी बादशाही मंडी (प्रयागराज), मोहम्मद जैद निवासी कोतवाली, उमर अहमद निवासी पूरा मुफ़्ती घायल हो गए। सभी प्रयागराज के रहने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक सूचना में मृतक की पहचान अतीक अहमद के पुत्र आबान अहमद के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच। पुलिस ने घायलों को तत्काल प्रभाव से अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों में आबान अहमद की पहचान की गई है। जबकि दूसरे जान गंवाने वाले युवक की पहचान सोनू खान के रूप में हुई है। हादसे में मोहम्मद जैद और उमर और अहजम घायल हुए हैं। इन सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतीक अहमद का बेटा अली अहमद झांसी जेल में करीब 10 महीने से बंद
उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी मामलों में आरोपी माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल में हाई सिक्योरिटी के तहत शिफ्ट किया गया था।

