नरसिंहपुरः मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आठ वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोपी युवक (22 वर्ष) के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि बच्ची की तलाश के दौरान आरोपी भी लोगों के साथ उसे खोजने का नाटक करता रहा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बुधवार को स्कूल में मध्याह्न अवकाश के दौरान बच्ची से संपर्क किया और यह कहकर उसे अपने साथ ले गया कि उसके पिता ने उसको घर बुलाया है। अधिकारी ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो उसके परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। करीब आठ घंटे तक चली तलाश के बाद बच्ची का शव गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक खाई से बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि जब 40 से 50 पुलिसकर्मी और लगभग 60 ग्रामीण बच्ची की तलाश कर रहे थे, तब आरोपी भी खोजबीन में शामिल होने का दिखावा कर रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद ली। खोजी कुत्ता पुलिस को आरोपी के घर तक ले गया। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में लोग शवगृह के बाहर एकत्र हुए।
इसके बाद में उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को फांसी की सजा देने, उसके घर पर बुलडोजर चलाने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस शव को दूसरे मार्ग से पीड़िता के गांव लेकर गई। अधिकारी ने कहा कि मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय (फास्ट ट्रैक कोर्ट) में कराई जाएगी। इस बीच, घटना के विरोध में गोटेगांव तहसील के संबंधित गांव का बाजार बंद रहा। ग्रामीणों ने ‘कैंडल मार्च’ भी निकाला। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों में आक्रोश के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीड़िता के गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

