मोरबी जिले के वीरपरड़ा गांव में पिछले पांच दिनों से एक कुएं का पानी लगातार हिलता-डुलता दिखाई देने से ग्रामीणों में भय और आश्चर्य का माहौल बन गया था. यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी. हालांकि, जिला भू-वैज्ञानिकों की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद इसे पूरी तरह प्राकृतिक घटना बताया गया है. 

वहीं, जिला कलेक्टर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. वीरपरड़ा गांव में प्राणजीवनभाई सादरिया के स्वामित्व वाले कुएं में रविवार से पानी में हलचल देखी जा रही थी. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और जिला भू-वैज्ञानिक जे. एस. वाधेरे ने मौके का निरीक्षण किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की भूकंपीय (सीस्मिक) गतिविधि या भूकंप जैसी स्थिति नहीं है.

अधिकारियों ने दी यह जानकारी

पानी में हलचल के कारणों की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण भूजल का रिचार्ज हो रहा है. जब वर्षा का पानी जमीन के भीतर उतरता है, तो चट्टानों की परतों के बीच मौजूद खाली स्थानों में फंसी हुई हवा दबाव के साथ बाहर निकलती है. इसी हवा के दबाव और तेज हवा की गति के कारण कुएं का पानी हिलता हुआ दिखाई देता है.

पूरे मामले पर जिला कलेक्टर स्वप्निल खरे ने बताया कि भू-वैज्ञानिकों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया है. जांच में सामने आया है कि बारिश के कारण जमीन के भीतर छोटे एक्वीफर (Aquifer) में हवा फंस गई थी और उसी हवा की गति से पानी में हलचल हो रही है. 

घटना का भूकंप से कोई संबंध नहीं- जिला कलेक्टर

जिला कलेक्टर ने कहा, “इस घटना का भूकंप से कोई संबंध नहीं है.” उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में गुजरात में किसी भी प्रकार की भूकंपीय गतिविधि दर्ज नहीं हुई है. इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें. साथ ही, एहतियात के तौर पर लोगों को कुएं से दूर रहने की भी सलाह दी गई है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल मोरबी के वीरपरड़ा गांव में रहस्यमयी कुआं सामने आया. ग्रामीणों द्वारा पिछले चार दिनों में तीन दिन तक कुएं का पानी हिलता-डुलता देखा गया. मामले के संज्ञान में आते ही जिला कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए थे. इसके बाद भू-स्तर विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह प्राकृतिक प्रक्रिया है, भूकंप से इसका कोई संबंध नहीं है. जिला कलेक्टर ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सुरक्षा की दृष्टि से कुएं से दूरी बनाए रखने की अपील की.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version