सोशल मीडिया पर देशभर के किसी न किसी शहर से ट्रैफिक पुलिस के अ’छे कामों का वीडियो वायरल हो ही जाता है। इस बार पुणे की एक ट्रैफिक पुलिस महिला कांस्टेबल का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें महिला ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल सड़क पर झाडू़ लगाती नजर आ रही है। असल में कांस्टेबल जिस जगह पर झाडू़ लगा रही थी, वहां कुछ देर पहले एक्सीडेंट हुआ था और दो गाडिय़ों के भिड़ंत से सड़क पर कांच बिखर गया था। ये एक्सीडेंट पुणे के एसपी कॉलेज चौक पर हआ था, जहां ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल रजिया फैयाज सैयद ड्यूटी पर तैनात थीं। रजिया पुणे के खड़क ट्रैफिक पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। रविवार शाम एसपी कॉलेज चौक पर एक ऑटो रिक्शा और एक बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस टक्कर में ऑटो रिक्शा के आगे की तरफ वाला कांच टूटकर सड़क पर बिखर गया, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इस दुर्घटना की वजह से चौराहे के आसपास जाम बढऩे लगा। ऐसे में रजिया ने क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को सड़क किनारे लगवाया, ताकि रास्ता खाली हो सके। इसके बाद कांच के बिखरे टुकड़ों को किसी का इंतजार किए बगैर वह खुद ही साफ करने लगीं। दरअसल, सड़क पर बिखरे पड़े कांच के टुकड़ों की वजह से फिर से दुर्घटना हो सकती थी। ऐसे में बिना देर किए एक दुकान से झाडू़ लेकर रजिया ने खुद ही सड़क की सफाई शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर ही किसी ने रजिया की कर्तव्यनिष्ठा का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। अब इस वीडियो के वायरल होने पर लोग कांस्टेबल रजिया फैयाज सैयद की जमकर तारीफ कर हे हैं। साथ ही, उन्हें सम्मानित किए जाने की मांग भी कर रहे हैं।

