मुंबई। टाटा ग्रुप की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने बुधवार को बताया कि उसे मुंबई के ताज लैंड्स एंड के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) से 5.51 करोड़ रुपये से ज्यादा का अतिरिक्त जुर्माना भरने का नोटिस मिला है। इसके साथ ही कुल जुर्माना राशि 103.08 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है।
देश की सबसे बड़ी हॉस्पिटैलिटी कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि मुंबई के ताज लैंड्स एंड के लिए बीएमसी से मिले 2026-27 के प्रॉपर्टी टैक्स बिल में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर लगाया गया जुर्माना शामिल था।
कंपनी ने क्या बताया?
आईएचसीएल ने फाइलिंग में कहा, “13 फरवरी, 2026 को दी गई जानकारी के बाद हमें अपनी प्रॉपर्टी ताज लैंड्स एंड, मुंबई के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर 5,51,35,972 रुपये की पेनल्टी का एक और क्लेम मिला है, जो 2026-2027 के प्रॉपर्टी टैक्स बिल में दिखाया गया है।”
कंपनी ने जुर्माने पर जताई आपत्ति
कंपनी ने कहा कि बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर कुल जुर्माना (जिसमें जुर्माने का पहले का दावा भी शामिल है) अब 103,08,31,312 रुपये हो गया है। आईएचसीएल के अनुसार, किसी भी नियम का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है और कंपनी इन बिलों पर आपत्ति जता रही है।

