बेतिया शहर के बेलबाग चौक पर शनिवार की शाम करीब आठ बजे एक मिष्ठान प्रतिष्ठान के समीप फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के पास अचानक जोरदार धमाका होने से अफरातफरी मच गयी. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, तीन थाना पहुंचीं

मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया.

एफएसएल टीम ने जुटाये अवशेष

धमाके के बाद एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने दुकान और मोमोज ठेले के आसपास बिखरे अवशेषों की जांच की तथा आवश्यक नमूने एकत्र किये. धमाके के कारण ठेले के समीप रखा डस्टबिन भी चकनाचूर हो गया.

दुकान संचालक ने बताया, अचानक सुनाई दी तेज आवाज

मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक ने पुलिस को बताया कि रात करीब आठ से सवा आठ बजे के बीच वे दुकान के अंदर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. कुछ ही देर में आसपास धुआं फैल गया, जिसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगे.

स्कूटी से पहुंचे तीन संदिग्ध, पटाखे के इस्तेमाल की आशंका

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचे थे. वे सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी कर कथित रूप से घटना को अंजाम देते देखे गये हैं. पुलिस को प्रथम दृष्टया तेज आवाज वाले पटाखे के इस्तेमाल की आशंका है. हालांकि, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही धमाके की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान में जुटी है. घटना के बाद बेलबाग चौक और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गयी है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version